चंडीगढ़, 08 जुलाई 2026: गुजरात के सूरत शहर में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। पिछले 36 घंटे में 18 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे जुलाई 1941 का 85 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। शहर में जगह-जगह पानी भर गया। एक शॉपिंग मॉल की पूरी मंजिल पानी में डूब गई। सड़कों पर कारें बहती नजर आईं। शहर का कोई भी इलाका बाढ़ से अछूता नहीं रहा।
भारी बारिश और बाढ़ के कारण 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें करंट लगने, पेड़ गिरने और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं शामिल हैं। प्रशासन ने 3400 लोगों को बाढ़ से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। सूरत और आसपास के नवसारी इलाके में सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।
लोगों से अपील की गई है कि बेहद जरूरी काम हो तभी घर से बाहर निकलें। मौसम विभाग ने आगे भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
ये भी देखे: किश्तवाड़ और डोडा में भारी बारिश-बाढ़ का कहर, भूस्खलन से कई गाड़ियां मलबे में दबी