पंजाब कांग्रेस में चन्नी को हाईकमान से झटका, खड़गे-गांधी परिवार ने नहीं दी मुलाकात के लिए समय

by Manu
चन्नी

चंडीगढ़, 09 जुलाई 2026: पंजाब कांग्रेस में बगावत के तेवर दिखा रहे पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हाईकमान ने किनारा कर लिया है। चन्नी दिल्ली जाकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन उन्हें समय नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक इसकी बड़ी वजह चन्नी गुट द्वारा हाईकमान के दूत और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल का बायकॉट करना माना जा रहा है।

AICC प्रभारी भूपेश बघेल दूसरी बार साफ कर चुके हैं कि पंजाब में हाईकमान का फैसला नहीं बदलेगा। उन्होंने चन्नी गुट की जिद पर तंज कसते हुए कहा कि यह कोई गुड्डे-गुड्डी का खेल नहीं है। बघेल ने चन्नी और उनके समर्थकों को चेतावनी दी कि उन्हें हाईकमान का फैसला मानना ही पड़ेगा।

चन्नी के पास अपने गुट में 7 विधायक और एक सांसद का समर्थन है। इसके जवाब में बघेल ने संगठन की ताकत दिखाई। उन्होंने बताया कि 23 जिलों के जिला प्रधान मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ हैं।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब कांग्रेस में अगले दो दिन काफी अहम हैं। अगर चन्नी और उनके समर्थक टूट गए तो उन्हें कोई तरजीह नहीं मिलेगी। हालांकि, अगर गुट एकजुट रहा तो दलित वोट बैंक पर पड़ने वाले असर को देखते हुए हाईकमान चन्नी से मुलाकात कर सकता है।

ये भी देखे: पंजाब कांग्रेस में फिर घमासान, पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने बुलाई समर्थकों की बैठक

You may also like