चंडीगढ़, 19 नवंबर 2026: पंजाब सिविल सेवा मुख्य परीक्षा को लेकर उठे विवाद पर हाईकोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट ने परीक्षा का पूरा रिकॉर्ड भी समन कर लिया है। इस बाबत कोर्ट ने कहा कि वह विस्तृत आदेश जारी करेगा।
परीक्षा की निष्पक्षता और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए 26 अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इसके अलावा इसी परीक्षा से जुड़े चार अन्य याचिकाएं भी दाखिल की गई हैं।
याचिकाकर्ताओं ने चार नवंबर को घोषित परीक्षा परिणाम रद करने की मांग की है। उन्होंने पूरी चयन प्रक्रिया की किसी निष्पक्ष जांच एजेंसी से जांच करवाने और परीक्षा से संबंधित संपूर्ण रिकॉर्ड अदालत में पेश करने की भी मांग की है।
याचिकाकर्ताओं के अनुसार पंजाब लोक सेवा आयोग ने पिछले वर्ष तीन जनवरी को विज्ञापन जारी कर 322 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। विज्ञापन में परीक्षा के लिए पंजाबी भाषा की परीक्षा दसवीं स्तर पर पास होना अनिवार्य योग्यता निर्धारित की गई थी।
आरोप है कि बाद में इस अनिवार्य शर्त को हटा दिया गया। ऐसे अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई जिन्होंने दसवीं कक्षा में पंजाबी विषय पास नहीं किया था। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि इससे भर्ती के मूल नियमों में बदलाव हुआ और पात्रता के समान मानदंडों का उल्लंघन हुआ।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे