चंडीगढ़, 19 नवंबर 2026: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने गुरुवार को अंतरिम जमानत रद्द करने से मना कर दिया। शीर्ष अदालत ने केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी की याचिका खारिज कर दी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत दी है। हम इसमें दखल नहीं देंगे। सिर्फ यही कह सकते हैं कि आगे की सुनवाई में इस आदेश में की गई टिप्पणियों से प्रभावित हुए बिना की जाए।
आजम खान को मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जमानत दी थी। इसके खिलाफ ईडी बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंची और तत्काल सुनवाई की मांग की। ईडी की तरफ से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत की बेंच में मामला रखा। उन्होंने कहा कि आजम को गिरफ्तारी के आधार की जानकारी न दिए जाने की बात गलत है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह गुरुवार को सुनवाई करेगा। ईडी के जल्द सुनवाई वाले अनुरोध पर जस्टिस जोयमाल्या बागची ने कहा कि अगर वह अंतरिम जमानत पर बाहर रहेंगे तो कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा।
आजम खान बुधवार शाम को गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा हुए। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 31 अक्टूबर को रामपुर जेल के बाहर से गिरफ्तार किया था। दो पैन कार्ड मामले में सात साल की सजा पर रोक लगने के बाद वे जेल से रिहा हो रहे थे।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे