मनीमाजरा, 29 सितंबर 2026: मनीमाजरा से अब सिर्फ चंडीगढ़-पंचकूला की लोकल बसें ही नहीं बल्कि पांच राज्यों की बसें चलेंगी। यात्रियों को सेक्टर-43 आईएसबीटी तक जाने की जरूरत न पड़े। इसके लिए नगर निगम हाउसिंग बोर्ड चौक के पास करीब 6 एकड़ में नया इंटीग्रेटेड बस टर्मिनस बनाने की तैयारी कर रहा है। प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 80 से 100 करोड़ रुपये है।
नए टर्मिनस से पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए बसें चलाने की योजना है। यहां रोज करीब 15 हजार यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। एक समय में 20 से 25 बसें खड़ी हो सकेंगी। इससे मनीमाजरा के साथ पंचकूला और आसपास के इलाकों के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा।
मनीमाजरा में मौजूदा बस स्टैंड छोटा है। यहां मुख्य रूप से मनसा देवी और चंडीगढ़ आने-जाने वाली लोकल बसें मिलती हैं। रोज करीब 5 हजार यात्री यहां से आते-जाते हैं। जगह कम होने के कारण बसों की आवाजाही से आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है। यात्रियों के लिए बैठने पार्किंग और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है। नए टर्मिनस के बनने से बसों की एंट्री-एग्जिट व्यवस्थित होगी। यात्रियों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
नया टर्मिनस केवल अंतरराज्यीय बसों के लिए नहीं होगा। यहां से रायपुररानी शहजादपुर नारायणगढ़ जीरकपुर डेराबस्सी लालडू बनूर और राजपुरा के लिए भी लोकल बस सेवाओं को जोड़ने का प्रस्ताव है। यानी मनीमाजरा को एक ऐसे ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है। आसपास के शहरों के साथ दूसरे राज्यों के लिए भी बसें मिल सकेंगी।
ये भी देखे: चंडीगढ़ में सेक्टर-17 के पास सीटीयू बस पलटी, कई यात्री घायल, सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती