चंडीगढ़ में लूट के लिए हत्या: 12 घंटे में दो नाबालिग गिरफ्तार

by chahat sikri
चंडीगढ़ में लूट के लिए हत्या

चंडीगढ़, 17 अप्रैल 2025:  चंडीगढ़ में हिमाचल प्रेदश के युवक की हत्या हो गई है। सेक्टर 43 में शिमला के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दो नाबालिग गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतक का मोबाइल बरामद किया है। आरोपियों ने लूट के मकसद से वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बुधवार रात को शिमला के गांव कोग, पीओ महौग, तहसील थिओग निवासी 35 साल के काकू की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को स्थानीय जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया। दोनों किशोर कजहेड़ी के रहने वाले हैं। दोनों की उम्र 16 से 17 साल है।

पुलिस के अनुसार

चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार दोनों किशोर पैदल गुरुद्वारे में लंगर खाने के लिए गए थे। उस समय उन्हें लंगर नहीं मिला। दोनों वहां से प्रसाद लेकर निकल गए। इस दौरान उन्होंने सेक्टर 43 के साइकिल पर काकू को देख लिया। उन्होंने उसे लूटने के प्लान बनाया। उन्होंने काकू के साथ मारपीट की। काकू ने बचाव करना चाहा तो हाथापाई में उसकी छाती में चाकू घोंप दिया। इसके बाद आरोपी काकू की जेब से 180 रुपये और मोबाइल लेकर जंगल की तरफ भाग गए।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई पूरी घटना

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें मृतक साइकिल ट्रैक पर पैदल जाता हुआ दिखाई दे रहा था। दो आरोपी उसके पीछे आ रहे थे। आरोपी काकू से झगड़ा कर रहे थे। हालांकि तस्वीरें साफ नहीं थी। वारदात के बाद दोनों साथ लगते जंगल की तरफ भाग गए।

साइकिल ट्रैक पर मिला शव

पुलिस को बुधवार रात करीब साढ़े 7 बजे सूचना मिली थी कि सेक्टर-43/44 डिवाइडिंग रोड पर सेक्टर-43 की तरफ बस स्टॉप के पास साइकिल ट्रैक पर एक युवक बेसुध पड़ा है। सूचना मिलने के बाद एएसपी साउथ वेस्ट अनुराग दारू, सेक्टर 61 चौकी प्रभारी एसआई गुरजीवन सिंह और अधिकारी मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत युवक को जीएमएसएच-16 पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की छाती पर चाकू के घाव थे। चाकू दिल पर लगने से उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: पंजाब के अस्पतालों में अब 24×7 सुरक्षा: डॉक्टरों को मारपीट से बचाने की पहल

You may also like