चंडीगढ़, 03 जुलाई 2026: मानसून देश के कई हिस्सों में लंबे समय से चली आ रही भीषण गर्मी से राहत लेकर आया है। इसके साथ ही तबाही का मंजर भी देखने को मिल रहा है। बारिश से पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को चिलचिलाती गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। लेकिन जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन बादल फटने से कई इलाकों में बाढ़ आ गई और एक सड़क बह गई है।
उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण बदरीनाथ हाईवे साढ़े 11 घंटे बंद रहा और आठ हजार से ज्यादा श्रद्धालु रास्ते में फंस गए। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से कोहराम मचा हुआ है। राज्य में 46 सड़कें बंद हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, हरियाणा और पंजाब में रुक-रुककर बौछारें पड़ीं, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई है।
आईएमडी ने राजस्थान के कई पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।
पंजाब में बारिश के बाद अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। राज्य का सबसे अधिक तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रोपड़ में रिकॉर्ड हुआ।
उत्तराखंड में कई जगहों पर भारी बारिश जारी है। देहरादून समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण बदरीनाथ हाईवे पर पगलानाला और गुलाबकोटी में टनों मलबा आ गया। इससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी रही। शाम को आवाजाही सुचारु होने के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।
ये भी देखे: हरियाणा में मानसून ने दी दस्तक, हिसार में बारिश, सिरसा में गिरे ओले, 15 जिलों में येलो अलर्ट