मोदी के नेतृत्व के 25 वर्षों ने राष्ट्रीय चेतना जगाई, विकसित भारत के निर्माण को नई दिशा दी- सतनाम सिंह संधू

by Manu
SEVA YATRA SATNAM SANDHU

अमृतसर, 07 अक्टूबर 2026: राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने आज गुरु की पवन पवित्र धरती अमृतसर में  सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि, “किसी भी राष्ट्र की प्रगति की सबसे मज़बूत नींव उसके नागरिकों का जागृत स्वाभिमान, अपनी क्षमता पर विश्वास और भविष्य गढ़ने का सामूहिक संकल्प होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी 25 वर्षों की सेवा और शासन यात्रा में भारत की इसी शक्ति को जगाया है। उन्होंने राष्ट्रीय चेतना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए देश को नई दिशा दी है और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का स्पष्ट मार्ग दिखाया है।”

नरेंद्र मोदी द्वारा पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में शासन प्रमुख के पद पर कुल 25 वर्ष पूरे करने के उपलक्ष्य में आयोजित इस मशाल यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने भाग लिया। उनका यह शासनकाल 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के साथ आरंभ हुआ था।

संधू ने कहा, “एक सदी का चौथाई हिस्सा जनसेवा को समर्पित करते हुए मोदी ने शासन को राष्ट्र निर्माण के व्यापक संकल्प से जोड़ा है। युगपुरुष की पहचान उसके नेतृत्व के उस प्रभाव से होती है, जो अपने समय की चुनौतियों का सामना करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मार्ग प्रशस्त करता है। मोदी ने आम भारतीय के मन में यह विश्वास दृढ़ किया है कि उसका श्रम, उसका कौशल और उसकी पहल देश का भविष्य गढ़ सकते हैं। ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच उनके नेतृत्व का मूल आधार है।”

भारत की बढ़ती आर्थिक क्षमता का उल्लेख करते हुए संधू ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में देश का वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात रिकॉर्ड 825.3 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक बाज़ार में भारतीय उत्पादों और सेवाओं की बढ़ती पैठ का महत्वपूर्ण प्रमाण है। जन धन योजना के अंतर्गत 19 अगस्त 2026 तक 59.09 करोड़ बैंक खाते खोले गए, जिनमें 32.92 करोड़ खाते महिलाओं के हैं। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था तक आम लोगों की पहुंच ने वित्तीय समावेशन का दायरा बढ़ाया है।

वैज्ञानिक उपलब्धियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि चंद्रयान 3 की सफलता के साथ भारत चंद्रमा पर सुरक्षित उतरने वाला चौथा और उसके दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र तक पहुंचने वाला पहला देश बना। “जनकल्याण से लेकर विज्ञान के शिखर तक ये उपलब्धियां हमारे वैज्ञानिकों, श्रमिकों और उद्यमियों के परिश्रम तथा देश के बढ़ते आत्मविश्वास का उदाहरण हैं। विकसित भारत का संकल्प इस प्रगति को हर राज्य, हर गांव और हर परिवार के सम्मानजनक जीवन से जोड़ने का आह्वान है।”

पंजाब के संदर्भ में संधू ने कहा, “देश की बढ़ती आर्थिक क्षमता के इस दौर में पंजाब कर्ज़ के भारी बोझ, नशे की मार और गंभीर जल संकट जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। पांच नदियों की धरती का जल संकट की ओर बढ़ना हमारे समय की बड़ी विडंबना है। जिस पंजाब ने देश के अन्न भंडार भरे, उसकी किसानी, जवानी और पानी का भविष्य सुरक्षित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।”

राज्य की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बजट अनुमानों के अनुसार वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक पंजाब का कुल बकाया कर्ज़ लगभग 4.48 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा, “पंजाब को कर्ज़ के बढ़ते बोझ से उबारने के लिए आय के स्थायी स्रोत, उत्पादक निवेश और रोज़गार सृजन करने वाली विकास दिशा चाहिए। नशा मुक्त पंजाब का संकल्प भी युवाओं को स्वस्थ जीवन, कौशल और रोज़गार के अवसरों से जोड़कर ही साकार होगा।”

आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए संधू ने कहा, “ये चुनाव पंजाब का भविष्य तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होंगे। पंजाब को इस बदहाली से निकालने के लिए स्पष्ट विकास दृष्टि, जवाबदेह शासन और निर्णायक नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाना आवश्यक है। पंजाब के हितों की रक्षा के राजनीतिक दावों की असली कसौटी किसान की खुशहाली, युवाओं का भविष्य और राज्य की आर्थिक मज़बूती होगी।”

संधू ने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को राज्य की सेवा का अवसर देगी। उन्होंने कहा, “पंजाब को अपनी अग्रणी पहचान फिर से हासिल करने के लिए नई राजनीतिक दिशा चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास दृष्टि को पंजाब की आवश्यकताओं और क्षमताओं से जोड़कर हम समृद्ध, नशा मुक्त और स्वाभिमानी पंजाब का निर्माण कर सकते हैं। गुरु की नगरी से प्रज्वलित यह सेवा ज्योति विकसित भारत में पंजाब की अग्रणी भूमिका का संकल्प है।”

ये भी देखे: ‘नशा-मुक्त युवा, नशा-मुक्त भारत’ के संकल्प की निर्णायक शुरुआत पंजाब से हो – सतनाम सिंह संधू

You may also like