गुरुग्राम, 27 अगस्त 2025: गुरुग्राम और चरखी दादरी में मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक की शाखाओं में हुई सनसनीखेज डकैतियों के मास्टरमाइंड विजय कुमार ने चरखी दादरी कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
विजय कुमार ने 15 अगस्त 2025 को गुरुग्राम की शीतला माता रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन ब्रांच में 8.54 किलोग्राम सोना और 8.56 लाख रुपये नकद की डकैती को अंजाम दिया था, जिसकी कुल कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा, मई 2025 में चरखी दादरी की मणप्पुरम शाखा से 6.6 किलोग्राम सोना और 14.2 लाख रुपये नकद चोरी का भी वह मुख्य आरोपी है।
चरखी दादरी सिटी पुलिस ने विजय कुमार को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान विजय से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। उसने कबूल किया कि उसने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए छोटे-मोटे अपराध करने वाले युवाओं को जोड़कर एक गैंग तैयार किया था। इस गैंग ने सुनियोजित तरीके से दोनों डकैतियों को अंजाम दिया।
ये भी देखे: हरियाणा: पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, लगातार बढ़ रहे ऐसे मामले