हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से दिया इस्तीफा, स्मृति हो सकती हैं अगली कप्तान

by Manu
हरमनप्रीत कौर

चंडीगढ़, 06 अक्टूबर 2026: हाल ही में अपनी कप्तानी में भारत को एशियन गेम्स-2026 में गोल्ड मेडल दिलाने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बड़ा फैसला किया है। उन्होंने मंगलवार को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है।

हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी। भारत को पिछले साल पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया था। उनकी कप्तानी में भारत ने तीनों फॉर्मेट में शानदार सफलता हासिल की है।

हरमनप्रीत ने कहा है कि उनके लिए यह फैसला आसान नहीं था। उन्होंने लिखा कि आज मैं तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफा देती हूं। यह आसान फैसला नहीं रहा है। इसमें वो सारी यादें पल भावनाएं और बलिदान हैं जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे।

उन्होंने लिखा कि मेरे पास जो था वो मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को दिया है। मेरा खून मेरा पसीना मेरा समय कई बार मेरे खेल का हिस्सा और मेरी जिंदगी का लक्ष्य। कई ऐसे पल आए जब मैंने अपनी निजी उपलब्धियों निजी ग्रोथ जो मैं अपने लिए चाहती थी उसे अलग रखा क्योंकि मेरा मानना था कि टीम पहले आती है।

हरमनप्रीत ने लिखा कि एक कप्तान के तौर पर मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े। वो फैसले जिन्हें हर बार समझा नहीं गया। जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार व्यक्तिगत नुकसान का कारण बने। लेकिन मैंने हर फैसला एक ही मंशा से लिया। टीम को बेहतर बनाने और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देने के लिए। उनमें विश्वास दिखाया और उनको उनका सर्वश्रेष्ठ रूप दिया।

हरमनप्रीत कौर ने अपने इंस्टाग्राम पर लंबा पोस्ट लिखा है। उन्होंने लिखा है कि भले ही वह भावुक होते हुए कप्तानी छोड़ रही हैं लेकिन अंदर से वह शांत महसूस कर रही हैं। हरमनप्रीत ने लिखा कि उन्होंने अपना काम किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने टीम की साथी खिलाड़ियों कोच सपोर्ट स्टाफ मैनेजमेंट बीसीसीआई और अपने परिवार को शुक्रिया कहा। पोस्ट के अंत में हरमनप्रीत ने लिखा कि कप्तानी का अध्याय खत्म लेकिन सफर जारी है।

ये भी देखे: महिला टी20 विश्व कप 2026: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम घोषित

You may also like