मैड संधू की हत्या के बाद दोस्त का दावा, बिग बॉस में कंटेस्टेंट के तौर पर जाने वाला था

by Manu
मैड संधू

चंडीगढ़, 05 अक्टूबर 2026: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन उर्फ मैड संधू की हत्या के बाद मामले में लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं। उसके दोस्त कुंवर सिंह ने दावा किया है कि मैड संधू की चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस में कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री तय हो चुकी थी। वह 29 अक्टूबर को बिग बॉस के घर जाने वाला था।

कुंवर के मुताबिक शो में एंट्री के लिए कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी थी। जरूरी दस्तावेजों पर मैड संधू के हस्ताक्षर भी हो गए थे। हालांकि उसने सार्वजनिक तौर पर इसकी जानकारी नहीं दी थी। कुंवर ने कहा कि मैड संधू बुरा इंसान नहीं था। उसे बुरा बनाया गया। वह धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेता था। छबील और लंगर की सेवा के अलावा पंजाब में आई बाढ़ के दौरान भी जरूरतमंदों की मदद में सक्रिय रहा।

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने के दावे भी सामने आ रहे हैं। पहले गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन के नाम से पोस्ट आई थी। अब स्पेन में बैठे बताए जा रहे लक्की जोहल के नाम से एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें अन्य लोगों को जिम्मेदारी लेने के दावे पर सामने आकर ग्राउंड लेवल पर मुकाबला करने की चुनौती दी गई है। ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने भी इसे प्रमाणित नहीं किया है।

हत्या से करीब एक घंटे पहले मैड संधू ने सोशल मीडिया पर मेनू माही मिलवा दे पोस्ट किया था। शाम करीब छह बजे लोहारका रोड स्थित कार वॉश सेंटर के पास दो बाइक सवारों ने उसे गोलियां मार दीं। गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से खोल बरामद किए हैं। सीसीटीवी समेत अन्य सुराग खंगाल रही है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।

ये भी देखे: जल संसाधन मंत्री वरिंदर कुमार गोयल ने 13 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं का किया उद्घाटन

You may also like