ईडी ने 734 करोड़ के जीएसटी घोटाले में झारखंड-कोलकाता के चार ठिकानों पर की छापामारी

by Manu
ED

जमशेदपुर, 30 सितंबर 2026: 734 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले में ईडी रांची की टीम ने बुधवार की सुबह से झारखंड व बंगाल से जुड़े चार ठिकानों पर छापामारी शुरू की है। यह छापेमारी झारखंड के जमशेदपुर में तीन व कोलकाता में एक ठिकाने पर चल रही है। पूरा मामला पूर्व में गिरफ्तार कोलकाता के कारोबारी शिव कुमार देवड़ा व अन्य से जुड़ा हुआ है।

जिन ठिकानों पर यह छापामारी चल रही है वे ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल ज्ञानचंद जायसवाल के अकाउंटेंट संजय पारेख व अन्य से जुड़े ठिकाने हैं। ईडी ने छानबीन में पाया था कि ज्ञानचंद जायसवाल ने बिना असल में सामान की आपूर्ति किए ऐसी कंपनियों से इनवाइस लेकर नकली जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाया। जो कंपनियां असल में मौजूद ही नहीं थीं। ईडी की छापामारी जारी है।

गत वर्ष जुलाई 2025 में ईडी ने जीएसटी घोटाला मामले में जमशेदपुर के विक्की भालोटिया कोलकाता के कारोबारी शिव कुमार देवड़ा मोहित देवड़ा व अमित गुप्ता के विरुद्ध चार्जशीट में घोटाले की जानकारी दी थी। ईडी ने यह भी बताया था कि इस पूरे प्रकरण में अब तक 29 लाख रुपये नकदी की जब्ती की जा चुकी है। 135 फर्जी कंपनियों के बैंक खातों में पड़े 63 करोड़ रुपये भी फ्रीज करवा दिए गए हैं।

फर्जी तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेकर आरोपितों के माध्यम से अर्जित 5.30 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को भी ईडी ने उस वक्त जब्त की थी। पूरा मामला 135 कागजी कंपनियों की मदद से 5000 करोड़ रुपये का फर्जी चालान जारी कर 734 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेने से जुड़ा है।

ये भी देखे: ईडी ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से जुड़े 15 ठिकानों पर की छापेमारी

You may also like