न्यूयॉर्क, 14 नवंबर 2026: अमेरिका में शुक्रवार दोपहर हवाई यातायात अचानक ठप हो गया था। देशभर के एयरपोर्ट्स से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया था। हालांकि कुछ घंटों बाद रोक हटा ली गई और फ्लाइट्स का संचालन सामान्य हो गया।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने यह फैसला एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में आई गंभीर तकनीकी खराबी के बाद लिया था। देश के 22 एटीसी केंद्रों में कम्युनिकेशन सिस्टम में समस्या आने की बात सामने आई थी। इस वजह से विमानों की आवाजाही रोकनी पड़ी। अचानक लिए गए इस फैसले से अमेरिका के अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने बताया कि कम्युनिकेशन से जुड़ी यह तकनीकी समस्या देशभर के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को प्रभावित कर रही थी। ये केंद्र अलग-अलग एयरपोर्ट्स के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को रास्ता दिखाने और उनकी आवाजाही को नियंत्रित करने का काम करते हैं। डफी के मुताबिक इन केंद्रों में आई खराबी के कारण हवाई यातायात पर असर पड़ा। एफएए की टीमें तकनीकी समस्या की वजह का पता लगाने में जुटी रहीं। बाद में हल निकलते ही ऑपरेशन सामान्य हो गया।
एफएए ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर सभी उड़ानों पर रोक लगाने की जानकारी दी थी। इस आदेश को एविएशन की भाषा में ग्राउंड स्टॉप कहा जाता है। इसका मतलब है कि सुरक्षा कारणों से विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया जाता है। एफएए ने बताया कि असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश के बाद अमेरिका के तमाम एयरपोर्ट्स पर विमानों की आवाजाही रुक गई। इसका असर घरेलू और अन्य उड़ानों पर भी पड़ा। हजारों यात्रियों को अपनी यात्रा को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया