चंडीगढ़, 18 जून 2026: चंडीगढ़ के सेक्टर-11 के श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास हत्याकांड के दोनों आरोपियों का बुधवार सुबह एनकाउंटर हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तारी के बाद उन्हें चंडीगढ़ लाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना आज सुबह 5 से साढ़े 5 बजे के बीच सेक्टर-25 के जंगल क्षेत्र में हुई। पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर आ रही थी। रास्ते में ड्राइवर की आंख लग जाने से गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
एनकाउंटर में मुख्य आरोपी सन्नी मेहरा को दो गोलियां लगीं जबकि दूसरे आरोपी आर्यन को एक गोली लगी। दोनों की गोली टांगों में लगी है। दोनों घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर हरिंदर और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र पटेल ने किया। एनकाउंटर के दौरान पुलिस गाड़ी के ड्राइवर को भी गर्दन में चोट आई है।
ये भी देखे: चंडीगढ़ में बच्ची रेप हत्याकांड में फांसी की सजा काट रहा कैदी अस्पताल से फरार