उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में बस खाई में गिरी, 8 लोगों की मौत

by Manu
टिहरी गढ़वाल accident

टिहरी गढ़वाल, 17 नवंबर 2026: उत्तराखंड से मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आ रही है। राज्य के टिहरी गढ़वाल में एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आ रही है।

यह हादसा टिहरी गढ़वाल में गुलार बाजार के पास हुआ है। पुलिस ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। हादसे में 8 लोगों की जान चली गई है।

टिहरी गढ़वाल में हुए इस हादसे को लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी है। गुलार बाजार के पास एक बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। सूचना मिलने पर ब्यासी और ढालवाला स्थित एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

यह हादसा ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह तकरीबन 4 बजकर 30 मिनट पर हुआ। बस में 30 से 35 लोग सवार थे जो ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस गूलर शिवपुरी के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य करीब 20 लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही थाना मुनीकीरेती चौकी गूलर चौकी शिवपुरी चौकी ब्यासी एवं अन्य चौकियों का पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ फायर सर्विस एवं एंबुलेंस को भी सूचित कर मौके पर बुलाया गया। पुलिस एसडीआरएफ एवं फायर सर्विस की टीमें रेस्क्यू कार्य में जुटी हैं। क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर एवं थाना प्रभारी मुनी की रेती भी मौके पर मौजूद हैं। उच्चाधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

टिहरी पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। अभी तक राहत और बचाव दल ने 20 घायलों को रेस्क्यू कर सड़क मार्ग पर पहुंचाया है। उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like