भाजपा 48, कांग्रेस 36 पर की जीत दर्ज
हरियाणा, 8 अक्तूबर : हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर आज नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिसमें भाजपा ने बढ़त बनाते हुए 48 के करीब सीटों पर अपना दबदबा कायम रखा है। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी ने 36 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकिइनेलो दो व अन्य तीन सीट जीत चुके हैं। एक सीट (रोहतक) पर अभी कांग्रेस आगे चल रही है। बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वालों में निवर्तमान विधानसभा के अध्यक्ष और भाजपा उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता, इनेलो के अभय सिंह चौटाला, हरियाणा लोकहित पार्टी के गोपाल कांडा और भाजपा नेता ओपी धनखड़ शामिल हैं। मौजूदा मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता सैनी ने लाडवा से अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मेवा सिंह को 16,054 मतों से शिकस्त दी। फोगाट ने मंगलवार को हरियाणा में जुलाना विधानसभा सीट से अपना पहला चुनाव जीत लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के योगेश कुमार को 6,015 मतों के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नतीजों के मुताबिक राज्य में तीन निर्दलीयों को भी जीत मिली है। अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पहलवान विनेश फोगट, आदित्य सुरजेवाला और मम्मन खान तथा निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल शामिल हैं। भाजपा ने विधान सभा चुनावों में अपनी बड़ी जीत दर्ज की है, जिस कारण भाजपा वर्करों व नेताओं में खुशी का माहौल है।
हरियाणा विधान सभा चुनाव में भाजपा ने रखा दबदबा कायम
59