चंडीगढ़, 26 जून 2026: पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिअद या किसी अन्य अकाली गुट के साथ गठबंधन करने का फैसला समय आने पर लिया जाएगा।
हाल ही में पंजाब दौरे के दौरान जालंधर में मीडिया सम्मेलन को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा, “समय आने पर कुछ मुद्दों का समाधान किया जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी भाजपा पंजाब की हर विधानसभा सीट पर अपना संगठन मजबूत करने पर पूरा जोर दे रही है।
नितिन नवीन ने कहा कि फिलहाल हम अपनी ताकत के बल पर आगे बढ़ रहे हैं। चुनाव नजदीक आने पर स्थिति का आकलन करेंगे और उसी के अनुसार फैसला लेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी अभी न तो गठबंधन के पक्ष में है और न ही इसके विरोध में।
भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि अगले छह महीनों तक हम नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में अपनी रणनीति के साथ हर क्षेत्र में जनता से जुड़ेंगे और स्थानीय मुद्दों को उठाएंगे। गठबंधन की बात अभी समय से पहले है। छह महीने बाद जनता की प्रतिक्रिया देखकर इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
ये भी देखे: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पंजाब पहुंचे, गोल्डन टेंपल-दुर्ग्याणा मंदिर में माथा टेकेंगे