चंडीगढ़, 27 जून 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए पूरे राज्य में 3,100 स्टेडियम बना रही है। समाना में स्टेडियम की आधारशिला रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, नशे को खत्म करने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने के लिए खेल बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व निवेश कर रही है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “यह स्टेडियम नौ एकड़ पंचायत भूमि पर लगभग 10.35 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानक का 400 मीटर का सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक होगा जिसमें आठ लेन होंगी। यह ट्रैक 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ के साथ-साथ अन्य ट्रैक इवेंट्स के आयोजन के लिए उपयुक्त होगा।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “ट्रैक के अंदरूनी हिस्से को शॉट पुट, हैमर थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो और अन्य खेलों जैसे फील्ड इवेंट्स के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर प्रशिक्षण लेने और प्रतिस्पर्धा करने में मदद मिलेगी। इस स्टेडियम के निर्माण से समाना विधानसभा क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं और खिलाड़ियों को बहुत लाभ होगा। इससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाओं तक पहुंच मिलेगी, जिससे उन्हें एथलेटिक्स में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपने निर्वाचन क्षेत्र और पंजाब का नाम रोशन करने में मदद मिलेगी।”
खेलों को बढ़ावा देने को नशे के खिलाफ लड़ाई में सबसे मजबूत हथियार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “खेल संस्कृति को बढ़ावा देना राज्य सरकार के नशे के खिलाफ अभियान में सबसे प्रभावी साधन हो सकता है। खेलों को बढ़ावा देने से युवाओं की असीम ऊर्जा का उपयोग खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए किया जा रहा है। जो युवा खेलों में शामिल हैं, उनके पास नशे की ओर देखने का भी समय नहीं है क्योंकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नाम कमाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं।
यह कदम राज्य से नशे की समस्या को खत्म करने और पंजाब के सामाजिक-आर्थिक विकास में युवाओं को समान भागीदार बनाने में बहुत मददगार साबित होगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के मकसद से, पंजाब सरकार पूरे राज्य में 1,250 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं वाले 3,100 ग्रामीण खेल के मैदान तैयार कर रही है। ये मैदान ‘नशे के खिलाफ़ जंग’ (War on Drugs) अभियान में क्रांतिकारी भूमिका निभाएंगे। ये युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने के अपने सपने पूरे करने में मदद करेंगे।”
खिलाड़ियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “ये खेल के मैदान उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए उम्मीद और अवसर की किरण का काम करेंगे और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में मदद करेंगे। इन स्टेडियमों के चारों ओर फेंसिंग (घेराबंदी) होगी, साथ ही पेड़-पौधे लगाए जाएंगे और फ्लडलाइट्स के साथ छह-फुट चौड़े वॉकिंग ट्रैक भी होंगे। यहाँ वॉलीबॉल, फुटबॉल और हॉकी के लिए कोर्ट होंगे, साथ ही स्थानीय स्तर पर लोकप्रिय खेलों के लिए अतिरिक्त कोर्ट भी बनाए जाएंगे।”
ये भी देखें: धर्म के नाम पर फर्जी वीडियो और झूठा प्रचार मुझे काम करने से नहीं रोक सकता – भगवंत सिंह मान