चंडीगढ़ में अहमदाबाद, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडलों एवं केंद्रीय भंडारण निगम का ‘ट्रेड मीट 2026’ का आयोजन

by Manu
Trade Meet 2026

चंडीगढ़, 21 नवंबर 2026: गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करने, रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा देने तथा लॉजिस्टिक्स लागत कम करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल, उत्तर रेलवे के अंबाला एवं फिरोजपुर मंडलों तथा केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को चंडीगढ़ स्थित होटल ताज में ‘ट्रेड मीट 2026’ का आयोजन।

इस महत्वपूर्ण व्यापारिक सम्मेलन में CWC अध्यक्ष श्री रबिंद्र कुमार अग्रवाल, DRM अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश अंबाला मंडल के DRM श्री विनोद भाटिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अहमदाबाद श्री अन्नू त्यागी सहित माल परिवहन एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रेलवे एवं केंद्रीय भंडारण निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किसानों, व्यापारियों, राइस मिल संचालकों, उद्योगपतियों, निर्यातकों, आयातकों, ट्रांसपोर्टरों और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में गुजरात के गांधीधाम (कच्छ) एवं मेहसाणा क्षेत्र को पंजाब और हरियाणा के प्रमुख कृषि, औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्रों से जोड़ने तथा दोनों दिशाओं में रेल माल परिवहन की नई संभावनाओं को विकसित करने पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

भारतीय रेलवे का कायाकल्प देश की आर्थिक प्रगति को दे रहा नई गति: DRM श्री वेद प्रकाश

ट्रेड मीट को संबोधित करते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने कहा कि भारतीय रेलवे आज ऐतिहासिक परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आधुनिक रेल अवसंरचना, विद्युतीकरण, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, आधुनिक माल टर्मिनलों, शक्तिशाली इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव तथा नई माल परिवहन तकनीकों के माध्यम से रेलवे देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा, “आज भारतीय रेलवे की भूमिका केवल यात्रियों और माल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाने तक सीमित नहीं है। रेलवे देश के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार, कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार विकसित करने और भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हमारा लक्ष्य है कि व्यापारियों की परिवहन लागत कम हो, किसानों को बड़े बाजार मिलें, उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिले और निर्यातकों को विश्वसनीय लॉजिस्टिक्स सुविधाएँ उपलब्ध हों।”

श्री वेद प्रकाश ने रेलवे में बढ़ते निवेश, व्यापक विद्युतीकरण, आधुनिक माल परिवहन सुविधाओं और तकनीकी नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे का आधुनिकीकरण देश में टिकाऊ और कुशल लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

दोतरफा माल परिवहन से घटेगी लागत, बढ़ेगी रेलवे की कार्यक्षमता

डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच दोतरफा रेल माल परिवहन की संभावनाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मालगाड़ियों के बेहतर उपयोग के लिए दोनों दिशाओं में पर्याप्त माल की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा, “यदि पंजाब और हरियाणा से चावल, आलू, खाद्यान्न एवं निर्यात कंटेनर लेकर मालगाड़ियाँ गुजरात आती हैं, तो हमारा प्रयास होना चाहिए कि वापसी में भी ये मालगाड़ियाँ गुजरात से आयातित टिम्बर, नमक, उर्वरक, औद्योगिक उत्पाद एवं आयात कंटेनर लेकर उत्तर भारत जाएँ। इससे खाली रेकों की आवाजाही कम होगी, वैगनों का बेहतर उपयोग होगा और माल परिवहन की लागत को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकेगा।”

उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल एक दिशा में माल परिवहन बढ़ाना नहीं, बल्कि दोनों दिशाओं में संतुलित और नियमित माल परिवहन का ऐसा मॉडल विकसित करना है, जिससे व्यापारियों, उद्योगों और रेलवे सभी को लाभ मिल सके।

गुजरात के बंदरगाहों और उत्तर भारत के व्यापारिक केंद्रों के बीच अपार संभावनाएँ

श्री वेद प्रकाश ने कहा कि पंजाब और हरियाणा देश के प्रमुख कृषि एवं औद्योगिक उत्पादक राज्य हैं, जबकि गुजरात देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक और समुद्री व्यापार केंद्रों में शामिल है।

उन्होंने बताया कि कांडला, मुंद्रा और टूना-टेकरा जैसे बंदरगाहों के साथ गांधीधाम का टिम्बर एवं साल्ट क्लस्टर, पालनपुर–डीसा का आलू उत्पादन क्षेत्र तथा अहमदाबाद–साणंद का औद्योगिक क्षेत्र व्यापारिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं।

उन्होंने कहा, “पंजाब और हरियाणा के कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को गुजरात के बंदरगाहों तक पहुँचाने तथा गुजरात के बंदरगाहों से आयातित वस्तुओं को उत्तर भारत के बाजारों तक पहुँचाने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। यदि हम इन व्यापारिक मार्गों पर नियमित और संतुलित माल परिवहन विकसित करते हैं, तो इससे किसानों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और निर्यातकों को व्यापक लाभ मिलेगा।”

Trade Meet 2026

रेलवे और CWC मिलकर देंगे एंड-टू-एंड लॉजिस्टिक्स समाधान

डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने रेलवे और केंद्रीय भंडारण निगम के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों को केवल स्टेशन से स्टेशन तक माल परिवहन की सुविधा नहीं, बल्कि संपूर्ण सप्लाई चेन का समाधान चाहिए।

उन्होंने कहा, “आज व्यापारी चाहता है कि उसका माल खेत, फैक्ट्री, राइस मिल या गोदाम से उठकर सुरक्षित रूप से खरीदार, बंदरगाह या अंतिम बाजार तक पहुँचे। इसके लिए रेलवे, केंद्रीय भंडारण निगम और लॉजिस्टिक्स कंपनियों को मिलकर एंड-टू-एंड परिवहन समाधान विकसित करने होंगे।”

उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे टर्मिनलों, वैज्ञानिक भंडारण, माल एकत्रीकरण, सुरक्षित हैंडलिंग तथा फर्स्ट एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी के बेहतर समन्वय से छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी रेल परिवहन का लाभ उपलब्ध कराया जा सकता है। “हम चाहते हैं कि रेलवे केवल बड़े उद्योगों की नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों, किसानों और स्थानीय उद्यमियों की भी पहली पसंद बने।”

कम लागत और कम कार्बन उत्सर्जन के साथ टिकाऊ परिवहन व्यवस्था

श्री वेद प्रकाश ने रेल माल परिवहन के आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबी दूरी पर बड़ी मात्रा में माल परिवहन के लिए रेलवे एक प्रभावी विकल्प है।

उन्होंने कहा, “हमारी सोच स्पष्ट है—कम लागत, कम कार्बन उत्सर्जन, अधिक परिवहन क्षमता और बेहतर विश्वसनीयता। जब हम अधिक माल सड़क से रेल की ओर स्थानांतरित करते हैं, तो इससे न केवल परिवहन लागत कम करने में सहायता मिलती है, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सतत विकास को भी बढ़ावा मिलता है।”

ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे

You may also like