चंडीगढ़, 29 मई 2026: पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर पलटवार करते हुए, उन पर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अमन अरोड़ा ने कहा कि जहां एक ओर आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पंजाब में होने वाले नगर निगम चुनावों को पूरी तरह से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना चाहती थी।
वहीं दूसरी ओर धूरी और संगरूर में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जिस तरह की हाथापाई और अभद्र व्यवहार किया, उसकी उम्मीद पंजाब का कोई भी नागरिक, उनके जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से नहीं करता।
जब हमारी पार्टी और मैंने इस गुंडागर्दी के खिलाफ सैद्धांतिक सवाल उठाए, तो बिट्टू जी ने जवाब देने के बजाय, शिष्टाचार की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने पूरी तरह से ‘लो-लेवल’ (घटिया) राजनीति का सहारा लिया और मेरे तथा मेरे दिवंगत पिता के खिलाफ घिनौना कीचड़ उछालना शुरू कर दिया, जिसका जवाब देना निश्चित रूप से ज़रूरी है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि हमारा सैद्धांतिक सवाल सीधा-सा था कि एक तरफ तो आप पंजाब पुलिस के वर्दीधारी कर्मियों और अधिकारियों को हाथ लगाते हैं, और उन्हें ‘दलाल’ और ‘गुंडा’ जैसे शब्दों से संबोधित करते हैं। अगर आपको पंजाब पुलिस इतनी ही खराब लगती है, तो 2017 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान, आपने सभी नियमों और कानूनों को ताक पर रखकर अपने भाई गुरइकबाल सिंह हनी को सीधे DSP के पद पर नियुक्त क्यों किया था?
आज भी, आपका भाई पंजाब के खजाने से और पंजाब की जनता के टैक्स के पैसों से ही वेतन ले रहा है। उन्होंने बिट्टू को घेरते हुए कहा कि मुझे आपके दादा सरदार बेअंत सिंह जी के प्रति असीम सम्मान है, जिनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान मेरे पिता विधायक थे। लेकिन सवाल यह है कि अगर आप सिर्फ अपने भाई के लिए कानून बदल सकते थे, तो फिर उस बम धमाके में शहीद हुए बाकी 17 पुलिस कर्मियों और आम नागरिकों के परिवारों के लिए आपने DSP नियुक्त क्यों नहीं किए? क्या उनके परिवारों की शहादत का कोई मोल नहीं था? आपने सिर्फ अपने परिवार के स्वार्थ के लिए कानून को ठेंगा दिखाया, जबकि बाकी पीड़ित परिवार आज भी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। बिट्टू द्वारा उन्हें
‘दलबदलू’ कहे जाने पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा, “बिट्टू जी, आम आदमी पार्टी में शामिल होने से पहले मैं भी उसी कांग्रेस में था, जिसमें आप थे। मैंने 2016 में सिद्धांतों की खातिर कांग्रेस छोड़ी थी, लेकिन आपने 2024 के लोकसभा चुनावों में हार का सामना करने के बाद सत्ता के लालच में कांग्रेस छोड़ी और BJP में भाग गए। यह अलग बात है कि जनता ने तब भी आपको नकार दिया।”
उन्होंने कहा, “हारने के बाद भी आप केंद्र में मंत्री बन गए, लेकिन आज आपकी भाषा इतनी गिर गई है कि पूरा पंजाब इसे देख रहा है।”
ये भी देखे: राजनीतिक के लिए पंजाब पुलिस को टारगेट करना और उनका हौसला तोड़ना खतरनाक – बलतेज पन्नू