चंडीगढ़, 15 जुलाई 2026: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कार्गो जहाजों पर लगाए गए 20 प्रतिशत टोल को वापस लेने का ऐलान किया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मध्य पूर्व के नेताओं के साथ हुई सार्थक बातचीत के आधार पर मैंने अमेरिका की 20 प्रतिशत रीइम्बर्समेंट फीस (वसूली शुल्क) को व्यापार और निवेश समझौतों से बदलने का फैसला किया है। खाड़ी के देश अमेरिका में बड़े पैमाने पर निवेश करेंगे। ये समझौते मध्य पूर्व के देशों और उनके भविष्य के लिए बेहद फायदेमंद साबित होंगे।”
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा प्रदान करने के बदले अब शुल्क की जगह निवेश और व्यापारिक साझेदारी पर जोर दिया जाएगा।
हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज पर तनाव बढ़ गया था। ईरान पर यूएई के दो व्यापारिक जहाजों पर हमले का आरोप लगा था, जिसके बाद अमेरिका ने दर्जनभर ठिकानों पर हमले किए। इस घमासान के चलते पिछले महीने हुए युद्धविराम समझौते पर भी संकट के बादल मंडरा रहे थे।
ट्रंप की नई घोषणा के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र, भारत समेत कई देशों ने पहले 20 प्रतिशत शुल्क की योजना का विरोध किया था। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने तो इसे “डकैती” करार देते हुए ट्रंप की योजना का मजाक भी उड़ाया था।
ये भी देखें: अमेरिका ने ईरान को दी गई तेल छूट तत्काल प्रभाव से रद्द की, गुस्से में ट्रंप ने लिया फैसला