इंग्लैंड में तरनतारन की 24 वर्षीय किरनदीप कौर की चाकू घोंपकर हत्या, सदमे में परिवार

by Manu
किरनदीप कौर

तरनतारन, 15 जुलाई 2026: पंजाब के तरनतारन जिले के पिद्दी गांव की 24 वर्षीय किरनदीप कौर की इंग्लैंड में हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई है।

किरनदीप करीब दो साल पहले उच्च शिक्षा के लिए स्टूडेंट वीजा पर ब्रिटेन गई थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें वर्क परमिट मिल गया था और वह वहां नौकरी कर रही थीं।

मृतका के पिता सुखदेव सिंह और माता बलजीत कौर ने बताया कि बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्होंने अपनी जमीन बेचकर उसे विदेश भेजा था। परिवार को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन यह दुखद घटना सब कुछ छीन गई।

परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह किरनदीप अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर कमरे में घुसा और धारदार हथियार से उनके शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

इधर पंजाब में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता सुखदेव सिंह, जो एक छोटे किसान हैं, ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि उनकी बेटी का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए।

ये भी देखे: टेक्सास में पंजाबी युवक ने माता-पिता और नानी को गोली मारकर की हत्या

You may also like