संगरूर, 18 मार्च 2026: भवानीगढ़ बस अड्डे पर एक बस ड्राइवर और युवती के बीच हुए विवाद के बाद निर्दोष बस कंडक्टर की पिटाई हो गई। कंडक्टर को गंभीर चोटें आईं और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।
लड़की की मां ने बताया कि उनकी बेटी संगरूर से भवानीगढ़ की बस में सवार थी। यात्रा के दौरान ड्राइवर ने कथित तौर पर लड़की के साथ गाली-गलौज की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। लड़की ने ड्राइवर से भवानीगढ़ में बस रोकने की गुजारिश की लेकिन ड्राइवर ने बस नहीं रोकी। इससे विवाद बढ़ गया और हंगामा हो गया। ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
घायल कंडक्टर ने बताया कि ड्राइवर और लड़की के बीच बहस हुई थी लेकिन उसे इसकी पूरी जानकारी नहीं थी। लड़की ने अपने रिश्तेदारों को बस अड्डे पर बुला लिया। कंडक्टर के अनुसार रिश्तेदारों ने उसे मारने की कोशिश की तो उसने साफ कहा कि इस झगड़े में उसका कोई लेना-देना नहीं है। लड़की ने भी कहा कि उसका कंडक्टर से कोई विवाद नहीं बल्कि ड्राइवर ने उसके साथ बदतमीजी की थी।
फिर भी रिश्तेदारों ने कंडक्टर की एक नहीं सुनी। उन्होंने बस अड्डे पर उस पर हमला बोल दिया। कंडक्टर के पैर में रॉड से वार किया गया। चोटें गंभीर होने पर उसे तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
ये भी देखे: संगरूर में 14 वर्षीय नाबालिग ने 8 वर्षीय मासूम के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार