चंडीगढ़, 28 नवंबर 2026: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उड़ान में सुरक्षा चूक का आरोप लगा है। वह भोपाल एयरपोर्ट से 23 नवंबर को इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6259 से यात्रा कर रहे थे। विमान और सीट बदलने की समय पर सूचना नहीं देने का आरोप है। आरोप के मुताबिक प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति से रिसीविंग और लगेज प्रबंधन में परेशानी हुई।
आरोपों के मुताबिक सुरक्षा जांच के दौरान सहयात्रियों को रोककर पूछताछ करने से देरी हुई। एयरोब्रिज पर भीड़ के बीच केंद्रीय मंत्री को इंतजार कराने का भी आरोप है। केंद्रीय मंत्री के ओएसडी भूपेन्द्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कथित लापरवाही की जांच और कार्रवाई की मांग की है। हालांकि अभी एयरपोर्ट प्रशासन सीआईएसएफ और इंडिगो की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ओएसडी भूपेन्द्र सिंह परस्ते ने लिखा कि फ्लाइट संख्या समान रहने के बावजूद विमान एवं सीट में परिवर्तन किया गया। जिसकी सूचना माननीय मंत्री जी के कार्यालय अथवा संबंधित सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल अधिकारियों को समय रहते नहीं दी गई। भोपाल एयरपोर्ट पहुंचने पर संबंधित एटीएम श्री सिद्धार्थ यादव एवं प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति के कारण रिसीविंग एवं लगेज प्रबंधन में कठिनाई हुई।
सुरक्षा एवं बोर्डिंग के दौरान माननीय मंत्री जी के सह-यात्रियों को रोककर पूछताछ की गई। जिससे अनावश्यक विलंब एवं असुविधा हुई। अन्य यात्रियों के विमान में बैठने से पूर्व ही माननीय मंत्री जी को एयरोब्रिज की ओर ले जाया गया। जबकि वह यात्रियों से भरा हुआ था। परिणामस्वरूप उन्हें बीच रास्ते में रुकना पड़ा। जो निर्धारित सुरक्षा एवं बोर्डिंग प्रोटोकॉल के प्रतिकूल था।
माननीय मंत्री जी के निवास से प्रस्थान से पूर्व सीआईएसएफ के लियाजन ऑफिसर एयरपोर्ट प्रशासन इंडिगो अधिकारियों एवं प्रोटोकॉल स्टाफ को यात्रा की सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद उपर्युक्त अव्यवस्थाएं संबंधित अधिकारियों की गंभीर लापरवाही थी।
ये भी देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे