चंडीगढ़, 22 नवंबर 2026: अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीएसएफ ने अलग-अलग मामलों में 5 किलो 620 ग्राम हेरोइन और 450 ग्राम अफीम बरामद की है। दोनों मामलों में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थों की खेप भेजने वाले तस्करों की पहचान करने में जुटी है।
पहले मामले में बीएसएफ की 100वीं बटालियन की डी कंपनी के कंपनी कमांडर सुनील कपासे ने पुलिस को सूचना दी कि पुलमोरां बीओपी क्षेत्र में एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ है। पैकेट का वजन 5 किलो 620 ग्राम था। जांच में हेरोइन होने की पुष्टि हुई। पैकेजिंग सामग्री अलग करने के बाद हेरोइन का वजन 5 किलो 32 ग्राम दर्ज किया गया। इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में बीएसएफ की 181वीं बटालियन की एफ कंपनी के कार्यवाहक कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार मीणा ने पुलिस को बताया कि बीओपी राजाताल क्षेत्र से एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ है। जांच करने पर उसमें 450 ग्राम अफीम मिली। इसके साथ 67 ग्राम पैकेजिंग सामग्री भी बरामद हुई। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे