पौड़ी गढ़वाल, 21 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान उन्होंने मां की तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि भी दी।
91 साल की सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। मां को अंतिम विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उनके निधन से पंचूर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है।
सावित्री देवी के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संक्षिप्त संदेश लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। उन्होंने लिखा मां… ॐ शांति। इसके बाद शनिवार को वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और मां के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ अपनी मां को खोने के बावजूद समाज की सेवा में जुटे हुए हैं जो एक बेटे के रूप में उनके समर्पण को दिखाता है। धामी ने पत्रकारों से कहा कि यह बेहद दुखद खबर है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां इस दुनिया से विदा हो गई हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। जहां तक योगी जी की बात है वह लगातार समाज की सेवा कर रहे हैं। यह उनके समर्पण को दिखाता है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे