दिल्ली, 14 नवंबर 2026: दिल्ली के द्वारका जिले के मोहन गार्डन इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कार के अंदर जहरीला पदार्थ खाने से दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 11 नवंबर को मोहन गार्डन पुलिस स्टेशन को एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉलर अर्जुन ने बताया कि लाल फार्म के पास एक बंद गाड़ी के अंदर एक महिला और एक पुरुष अचेत अवस्था में हैं। सब-इंस्पेक्टर सुमित पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान सफेद रंग की एक हुंडई सैंट्रो कार के अंदर दोनों लोग अचेत अवस्था में मिले। दोनों की पहचान 46 वर्षीय सुरेंद्र (निवासी सुल्तानपुरी) और 45 वर्षीय गीता (निवासी मोहन गार्डन) के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से कीटनाशक के दो पैकेट भी बरामद किए।
पुलिस ने दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक जब दोनों को लाया गया तब वे कुछ भी बयान देने की हालत में नहीं थे। इलाज के दौरान पहले गीता की मौत हो गई। कुछ देर बाद सुरेंद्र की भी मौत हो गई।
मृतक सुरेंद्र पिछले करीब 15 वर्षों से दिल्ली होम गार्ड्स में अस्थायी तौर पर कार्यरत थे। उनकी तैनाती जहांगीरपुरी में थी। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। मृतका गीता के परिवार में भी दो बेटे हैं।
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि सुरेंद्र और गीता पिछले 10 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। गीता के पति की भी कुछ हफ्ते पहले शाहबाद डेयरी इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे की असल वजह का पता लगाने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया