अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाई दूध की कीमतें, आज से लागू

by Manu
अमूल

चंडीगढ़, 12 नवंबर 2026: महंगाई का एक और झटका देश की आम जनता पर पड़ा है। त्योहारों के बीच अब सुबह की चाय से लेकर बच्चों के दूध तक का खर्च बढ़ने वाला है। देश की दो बड़ी डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने अपने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 12 नवंबर 2026 यानी आज से लागू हो गई हैं।

मदर डेयरी ने दूध के अलग-अलग वेरिएंट पर 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं। अमूल के कुछ प्रमुख पैक की कीमतों में भी 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का दूध इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को अब हर लीटर के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। कंपनी ने टोंड, फुल क्रीम, डबल टोंड और गाय के दूध की कीमतें बढ़ाई हैं। टोंड दूध (बल्क वेंडेड) की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पैक वाले टोंड दूध के लिए अब 62 रुपये चुकाने होंगे। फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोंड दूध अब 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

अमूल ने भी अपने ताजा पैक दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के मुताबिक अमूल के दूध की कीमतों में करीब 4 से 5 फीसदी तक इजाफा किया गया है। अमूल ताजा टोंड मिल्क की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। अमूल गोल्ड अब 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। ये नई दरें देश के प्रमुख बाजारों में लागू होंगी।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like