पंजाब डीजीपी ने ISI पर प्रॉक्सी वॉर का आरोप लगाया, सोशल मीडिया के जरिए पंजाबी युवाओं को फंसा रही

by Manu
पंजाब पुलिस

चंडीगढ़, 09 नवंबर 2026: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पंजाब का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। इसके हैंडलर पाकिस्तान के अलावा दुबई और बहरीन में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए पंजाब के युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं। इन युवाओं का इस्तेमाल गलत कामों के लिए किया जा रहा है। वहीं सीमा पार से ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियार भेजे जा रहे हैं। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि आईएसआई प्रॉक्सी वॉर के जरिए पंजाब को निशाना बना रही है। पुलिस की कोशिश विदेशों में बैठे गैंगस्टरों को वापस लाने की है। इस साल अब तक 25 गैंगस्टरों को विदेश से वापस लाया जा चुका है।

पंजाब पुलिस अब तक 25 गैंगस्टरों को विदेश से वापस लाने में सफल रही है। इनमें 13 को डिपोर्ट करवाया गया। जबकि एक का प्रत्यर्पण कराया गया है। इनमें से 12 आरोपी पंजाब पुलिस की कस्टडी में हैं। जबकि दो को केंद्रीय एजेंसियों ने गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 11 लोगों को विदेश में ही डिटेन करवाया गया है।

विदेशों में बैठे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अब तक 35 रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा चुके हैं। दो ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी हुए हैं। वहीं 80 रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया चल रही है।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like