चंडीगढ़, 21 अक्टूबर 2026: गुजरात के जामनगर में बुधवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो रिलायंस इंडस्ट्रीज के विशाल परिसर पहुंचे। यहां रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। रुबियो ने दुनिया के सबसे बड़े एकल-स्थल तेल रिफाइनिंग परिसर वन्यजीव बचाव एवं संरक्षण केंद्र वंतारा और रिलायंस के नए ग्रीन एनर्जी मैन्युफैक्चरिंग हब का दौरा किया। यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका भारत के साथ कारोबार बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। रुबियो कुछ घंटे जामनगर में रुके। और इसके बाद अमेरिका रवाना हो गए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी और कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत किया। रुबियो के साथ उनकी पत्नी जीनेट डूसडेब्स रुबियो भी मौजूद थीं। दोनों मेहमानों ने दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी के परिसर का दौरा किया। और इसकी आधुनिक तकनीक विशाल क्षमता और एकीकृत संचालन की जानकारी ली। उन्हें रिलायंस की नई ऊर्जा गीगाफैक्ट्रियों और निर्माणाधीन डेटा सेंटरों के बारे में भी बताया गया ।
दौरे के दौरान ऊर्जा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश किफायती और भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्ति आधुनिक तकनीक और मजबूत सप्लाई चेन पर चर्चा हुई। मुकेश अंबानी और अनंत अंबानी ने जामनगर को डीप-टेक नवाचार और आधुनिक विनिर्माण का केंद्र बनाने की दीर्घकालिक योजना साझा की। बैठक में अमेरिकी कंपनियों के साथ पारंपरिक और नई ऊर्जा के क्षेत्र में कारोबारी सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार हुआ। मुकेश अंबानी के बड़े बेटे और जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी इस दौरान कंपनी के आईपीओ की तैयारियों की निगरानी कर रहे थे।
जामनगर पहुंचने से एक दिन पहले रुबियो ने भारत को कच्चे तेल की रिफाइनिंग के मामले में महाशक्ति बताया था। उन्होंने भारत से वेनेजुएला से आने वाले कच्चे तेल की प्रोसेसिंग बढ़ाने की अपील भी की थी। अमेरिका चाहता है कि भारत पश्चिमी गोलार्ध से आने वाले कच्चे तेल को ज्यादा मात्रा में रिफाइन करे। और अमेरिकी ऊर्जा उत्पादों की खरीद बढ़ाए। रिलायंस का जामनगर परिसर रोजाना करीब 14 लाख बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस करने की क्षमता रखता है। यहां तैयार होने वाले डीजल और दूसरे रिफाइंड उत्पाद भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी भेजे जाते हैं।