सुलतानपुर, 07 अक्टूबर 2026: बल्दीराय के सुखबड़ेरी के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 97.5 के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार देवरिया निवासी तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई। तीन घायलों का अयोध्या में इलाज चल रहा है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोग फंस गए। राहगीरों तथा यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान नित्या प्रजापति इरफान अंसारी और अनिकेत के रूप में हुई है। उनकी उम्र क्रमशः 22, 20 और 24 साल है। बताया गया कि सभी लखनऊ से देवरिया जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी देखे: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे से भयानक हादसा, कार ट्रक में घुसी, तीन की मौत