गोपेश्वर, 06 अक्टूबर 2026: बदरीनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भीड़ है। श्राद्ध पक्ष में देश-विदेश से लोग अपने पितरों को पिंडदान और तर्पण देने बदरीनाथ आ रहे हैं। बदरीनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड कायम कर रही है।
अक्टूबर की शुरुआत में ही बदरीनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 18 लाख सत्तर हजार के पार पहुंच गई है। इससे वर्ष 2023 में दर्ज 18 लाख 39 हजार श्रद्धालुओं का अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड भी टूट गया है।
वर्ष 2023 में बदरीनाथ धाम में 18 लाख 39 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। यह अब तक की सर्वाधिक संख्या थी। इस वर्ष यात्रा सीजन में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के चलते यह आंकड़ा अक्टूबर की शुरुआत में ही पार हो गया। यात्रा अभी जारी है इसलिए श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इस वर्ष 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बदरीनाथ धाम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में भी इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां अब तक तीन लाख 67 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने में अभी पांच दिन का समय शेष है।
ये भी देखे: उत्तराखंड में मूसलधार बारिश, बदरीनाथ-गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद