चंडीगढ़, 03 अक्टूबर 2026: अमन सहरावत ने गोल्ड मेडल जीत लिया है। उन्होंने पुरुषों के 57 किलोग्राम इवेंट के फाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान को चित्त कर दिया। मुकाबला आखिरी मिनट तक रोमांचक बना रहा। अमन ने नॉर्थ कोरिया के चोंग सोंग को 11-7 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।
यह 2026 एशियन गेम्स में भारत का 20वां और कुश्ती में कुल दूसरा गोल्ड मेडल है। यह अमन सहरावत का एशियन गेम्स में पहला गोल्ड मेडल है। 2022 के एशियाई खेलों में उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था।
कुश्ती का मुकाबला छह मिनट तक चलता है। इसमें तीन-तीन मिनट के दो राउंड खेले जाते हैं। अमन ने 2-0 से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली थी। पहले तीन मिनट समाप्त होने तक भी अपने कोरियाई प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे थे। मगर चोंग सोंग ने अगले तीन मिनट में दिखाया कि वह क्यों वर्ल्ड नंबर-1 हैं। उन्होंने मुकाबले के चौथे और पांचवें मिनट को पूरी तरह डोमिनेट किया। अमन सहरावत थके हुए नजर आने लगे थे।
जब मुकाबले में सिर्फ एक मिनट बचा था तब चोंग सोंग को अमन पर 7-6 की बढ़त हासिल थी। जिस तरह नॉर्थ कोरियाई पहलवान आक्रामक रुख दिखा रहा था उससे लग रहा था कि अब अमन सहरावत पिछड़ते चले जाएंगे। मगर आखिरी एक मिनट में चोंग सोंग अपनी ही आक्रामकता में फंसते चले गए। जिसका फायदा अमन को मिला।
आखिरी मिनट में अमन ने अपने विरोधी पहलवान के टेकडाउन के प्रयास पर काउंटर अटैक किया। जवाब में उसे ही मैट पर पटकते हुए दो महत्वपूर्ण अंक हासिल कर लिए। इसी बीच नॉर्थ कोरियाई खेमे ने रेफरी के फैसले को चैलेंज भी किया। लेकिन वह उन्हीं पर उल्टा पड़ा। अंत में अमन सहरावत ने 11-7 से जीत दर्ज की।
ये भी देखे: 17 साल की कुमकुम मोहोद ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता, तीरंदाजी से 5वां गोल्ड आया