चंडीगढ़, 03 अक्टूबर 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी सोना जीता था। टीम इंडिया ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को पीट दिया। फाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराया। पाकिस्तान को हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। भारत की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। टीम के लिए अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पारी का आगाज किया। वैभव 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने दो छक्के लगाए। तीसरे नंबर पर आए संजू सैमसन भी सस्ते में आउट हो गए। वे चार गेंदों में केवल दो रन बना सके। एक छोर अभिषेक शर्मा संभाले रहे। उन्हें कप्तान श्रेयस अय्यर का थोड़ा सा साथ मिला।
श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने जबरदस्त अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 28 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। इसमें सात छक्के और तीन चौके शामिल रहे।
ईशान के आउट होने के बाद भारत की रनगति थोड़ी धीमी हो गई। शिवम दुबे और तिलक वर्मा पहले सधी हुई बल्लेबाजी कर रहे थे। आखिरी ओवरों में उन्होंने गियर बदला। तिलक वर्मा 22 गेंदों पर 51 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने चार छक्के और तीन चौके लगाए। शिवम ने 15 गेंदों पर 27 रन बनाए। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। भारत ने 20 ओवर में 211 रन बना दिए।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हुई तो टीम कभी मैच जीतते हुए नजर नहीं आई। कप्तान साहिबजादा फरहान 11 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हो गए। उस्मान खान केवल तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। माज सदाकत ने 18 गेंदों में 23 रन बनाए। तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद पाकिस्तानी टीम दबाव में नजर आई। हसन नवाज और सैम अयूब ने अच्छी साझेदारी की। लेकिन रन तेजी से नहीं आए। भारतीय गेंदबाजों ने शिकंजा कसा रखा। पाकिस्तानी टीम 20 ओवर में केवल 192 रन बना सकी। भारत ने 19 रन से मैच अपने नाम कर लिया।
ये भी देखे: एशियन गेम्स में भारत का सातवां गोल्ड, महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को 238-234 से हराया