जालंधर, 28 सितंबर 2026: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न की अफवाह के बाद मचे बवाल ने पुलिस प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। हालांकि अभी हालात काबू में बताए जा रहे हैं। लेकिन फिर भी कब क्या हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। एहतियात के तौर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के आसपास इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पुलिस प्रशासन सुरक्षा के मद्देनजर सभी कदम उठा रहा है।
डीजीपी गौरव यादव के दौरे के बाद पुलिस ने परिसर के बाहर फिर से बड़ी संख्या में फोर्स तैनात कर दी है। पुलिस अब दोबारा से पहले जैसे हालात बनने नहीं देना चाहती। बताया जा रहा है कि पुलिस को आशंका है कि रविवार को जिन शरारती तत्वों ने छात्रों के बीच घुसकर गुंडागर्दी तोड़फोड़ और आगजनी जैसी वारदात को अंजाम दिया था वे फिर से गड़बड़ी कर सकते हैं।
इसलिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने हर स्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है। सीएम भगवंत मान ने डीजीपी गौरव यादव को खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के आदेश दिए। डीजीपी गौरव यादव ने खुद एलपीयू का दौरा किया। वहां छात्रों से बात की।
उन्होंने कहा कि अभी स्थिति कंट्रोल में है। सभी छात्र सुरक्षित हैं। यादव ने साफ कहा कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यादव ने कहा कि जो भी गुनहगार हैं उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे इसके पीछे कितना भी बड़ा नाम हो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी देखे: LPU में छात्रों के उग्र प्रदर्शन पर पुलिस का लाठीचार्ज, हंगामे के बाद 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लास सस्पेंड