चंडीगढ़, 28 सितंबर 2026: बैंकों की तीन दिनों की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। भारतीय बैंक संघ और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच बैठक के बाद सोमवार से प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी।
बैंकों में सोमवार को अब सामान्य तरीके से कामकाज होगा। हड़ताल का आह्वान यूएफबीयू ने किया था। हफ्ते में पांच दिन काम करने या पांच दिवसीय सप्ताह समेत अपनी मांगों पर आइबीए के आश्वासन के बाद रविवार देर रात बैंक यूनियनों ने हड़ताल टालने की घोषणा की।
बैंक यूनियन की ओर से जारी बयान के अनुसार रविवार रात 9:30 बजे आइबीए और यूएफबीयू की बैठक हुई। बैठक में हुई बातचीत के बाद दोनों पक्ष इन बातों पर सहमत हुए।
सभी शनिवार को बैंक की छुट्टी करने के मुद्दे पर विचार करने के लिए आइबीए और यूएफबीयू की एक संयुक्त समिति तुरंत बनाई जाएगी। यह समिति हर विकल्प पर विचार करेगी। प्रभावित सभी लोगों से बात करेगी। ऐसा समाधान खोजने की कोशिश करेगी जो सभी पक्षों खासकर ग्राहकों के लिए सही हो।
स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआई स्कीम में बदलाव को लेकर आइबीए के साथ बातचीत शुरू की जाएगी। ताकि उनकी चिंताओं को सरकार के सामने रखा जा सके।
8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में बताए गए अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। ताकि उन्हें जल्द सुलझाया जा सके। इन समझौतों के कारण यूएफबीयू ने कहा है कि वह फिलहाल अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और हड़ताल को वापस ले लेगा।
ये भी देखे: देशभर में आज बैंक कर्मचारी हड़ताल पर गए, 5-डे वर्किंग की मांग पर अड़े