रायबरेली, 15 मई 2026: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। मंगलवार को रायबरेली पहुंचकर उन्होंने कहा कि देश में जल्द ही आर्थिक तूफान आने वाला है।
राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अडानी और अंबानी पर टिका जो आर्थिक ढांचा खड़ा किया है, वह टूटकर गिरेगा। इसका सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को होगा। उन्होंने कहा, “यूपी की जनता को बड़ा शॉक लगने वाला है। बहुत कठिन समय आने वाला है।”
राहुल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी लोगों से विदेश यात्रा न करने की सलाह देते हैं, जबकि खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं। लोगों को संबोधित करते हुए राहुल ने भावुक होकर कहा, “हम आपके साथ खड़े हैं। जहां भी आपको जरूरत पड़े, मुझे बुला लीजिए। मैं आपके साथ रहूंगा।”
उन्होंने याद दिलाया कि जनता ने बारात घर की मांग की थी, जिसे उन्होंने पूरा कर दिया। राहुल ने कहा, “अगली बार जब यहां शादी होगी तो मुझे जरूर बुलाइएगा, मैं आऊंगा। हमारा रिश्ता प्यार का है, परिवार जैसा है। आप सब मेरे लिए माता-पिता, दादी, बहन और भाई जैसी हैं।”
राहुल मंगलवार सुबह 11:30 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने उनका स्वागत किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
ये भी देखे: केरलम में वीडी सतीशन ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, राहुल गांधी और प्रियंका हुए शामिल