चंडीगढ़, 15 मई 2026: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर “कॉकरोच” से करने वाले बयान के बाद इस पार्टी की शुरुआत हुई।
पार्टी के संस्थापक आम आदमी पार्टी के पूर्व सोशल मीडिया कार्यकर्ता अभिजीत दिपके हैं। लॉन्च होने के महज दो दिनों में ही इसने 40,000 से ज्यादा सदस्य बना लिए।
समूह ने व्यंग्य के जरिए तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद को पहले ही अपनी पार्टी का सदस्य बना लिया। कीर्ति आजाद ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मैं कॉकरोच जनता पार्टी में शामिल होना चाहता हूं, इसके लिए क्या योग्यताएं चाहिए?” पार्टी ने जवाब दिया, “1983 का विश्व कप जीतना ही काफी योग्यता है।”
महुआ मोइत्रा ने भी CJP की एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि वह भी पार्टी में शामिल होना चाहेंगी। पार्टी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि वह “एक योद्धा हैं जिनकी लोकतंत्र को सख्त जरूरत है।”
एक अदालती सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कथित तौर पर कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा पत्रकार, RTI कार्यकर्ता या सोशल मीडिया यूजर बनकर हर किसी पर हमला करने लगते हैं। बाद में CJI ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इशारा उन लोगों की तरफ था जो फर्जी डिग्रियों के आधार पर पेशेवर क्षेत्र में घुसते हैं।
ये भी देखे: केरलम में वीडी सतीशन ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, राहुल गांधी और प्रियंका हुए शामिल