चंडीगढ़, 24 मार्च 2026: पंजाब अब हॉकी के बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी पंजाब करेगा।
इस टूर्नामेंट में दुनिया की टॉप छह टीमें हिस्सा लेंगी। सीएम मान ने उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें इसमें खेलेंगी।
मुकाबले 26 और 27 अक्टूबर से शुरू होंगे। सभी मैच मोहाली और जालंधर के स्टेडियमों में खेले जाएंगे।
सीएम भगवंत मान ने इस दौरान महिला हॉकी विश्व कप में खेल चुकी पंजाब की तीन खिलाड़ियों को बड़ी सौगात भी दी। हर खिलाड़ी को डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये दिए जाएंगे। राशि जल्द ही उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
सीएम ने साफ कहा कि पंजाब सरकार योग्य खिलाड़ियों को ही मौका देती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मैडल वोट नहीं मांगते। अगर ऐसा होता तो विरोधी दल खुद खिलाड़ियों को प्यार करते और उन्हें हर सुविधा देते।
सीएम ने बताया कि जो पंजाबी खिलाड़ी दूसरे राज्यों की टीमों में खेल रहे हैं उन्हें दोबारा पंजाब आने का पूरा मौका दिया जाएगा। सरकार पंजाब क्रिकेट लीग भी शुरू कर रही है जो बीसीसीआई के साथ मिलकर आयोजित की जाएगी।
टूर्नामेंट के दौरान आने वाले सभी खिलाड़ियों को बेहतरीन होटलों में ठहराने की व्यवस्था रहेगी। उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। खिलाड़ियों को जालंधर और चंडीगढ़ के बीच आने-जाने के लिए बसों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ये भी देखे: पंजाब सरकार द्वारा पुनर्वास और रोजगार में सहायता देने से नशा विरोधी अभियान के परिणाम आए सामने