बिहार के 70 हजार सरकारी स्कूलों में अप्रैल से नया सत्र, 1 से 10 अप्रैल तक 1.33 करोड़ बच्चों को मिलेंगी मुफ्त किताबें

by Manu
बिहार सरकारी स्कूल

पटना, 21 मार्च 2026: बिहार के सभी 70 हजार सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को 1 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच पाठ्य-पुस्तकें वितरित करने का सख्त निर्देश जारी किया गया है।

इससे राज्य के कुल एक करोड़ 33 लाख से अधिक बच्चे लाभान्वित होंगे। बिहार राज्य पाठ्य पुस्तक प्रकाशन निगम के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि सभी 38 जिलों को किताबों के सेट यानी किट पहुंचा दिए गए हैं। ये किताबें अब संकुल संसाधन केंद्रों के माध्यम से संबंधित विद्यालयों तक पहुंचाई जा रही हैं।

प्रधान शिक्षक या प्रधानाध्यापक के साथ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मिलकर बच्चों के बीच पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करेंगे। कुल एक करोड़ 33 लाख 85 हजार पुस्तक सेट तैयार किए गए हैं। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक नामांकित बच्चों की संख्या 83 लाख 21 हजार 515 है। वही कक्षा 6 से 8 तक नामांकित बच्चों की संख्या 50 लाख 51 हजार 769 है।

बच्चों की जरूरत के हिसाब से किताबों के सेट तैयार किए गए हैं। संकुल संसाधन केंद्रों को समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि नए सत्र की शुरुआत में ही हर बच्चे के पास उसकी कक्षा की पूरी किताबें उपलब्ध हों। इससे पढ़ाई में किसी तरह की रुकावट नहीं आएगी।

ये भी देखे: Bihar News: बिहार चुनाव नतीजों के दिन समस्तीपुर-पटना में स्कूल रहेंगे बंद

You may also like