गुरदासपुर: ASI-होमगार्ड मर्डर केस में एनकाउंटर में मारे गए रणजीत सिंह का 7 दिन बाद हुआ पोस्टमॉर्टम

by Manu
ASI Home Guard Murder

गुरदासपुर, 03 मार्च 2026: गुरदासपुर में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की हत्या के मुख्य आरोपी रणजीत सिंह का एनकाउंटर में मारे जाने के 7 दिन बाद आज पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। CGM कोर्ट ने रणजीत सिंह की मां सुखजिंदर कौर की याचिका पर आदेश दिए जिसके बाद परिवार ने पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति दे दी।

मृतक के चाचा हरविंदर सिंह मल्ली ने बताया कि वे कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सिविल अस्पताल पहुंच चुके हैं। डॉक्टरों और वकीलों की टीम भी मौजूद है। परिवार की मांग है कि पोस्टमॉर्टम से पहले उन्हें रणजीत सिंह का शव देखने दिया जाए। अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। एसपी हेडक्वार्टर युगराज सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं।

सीनियर मेडिकल ऑफिसर रविंदर सिंह ने कहा कि चीफ ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट (CJM) की निगरानी में तीन डॉक्टरों का पैनल पोस्टमॉर्टम कर रहा है। इसमें दो फॉरेंसिक विशेषज्ञ अमृतसर से और एक गुरदासपुर सिविल अस्पताल से हैं। प्रक्रिया को वीडियोग्राफी कराई जा रही है।

गौरतलब है कि 22 फरवरी को आदियां पुलिस चौकी में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की लाश मिली थी। यह चौकी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से महज डेढ़-दो किलोमीटर दूर है। पुलिस ने इसे ISI के इशारे पर किया गया हमला बताया था। मुख्य आरोपी रणजीत सिंह (19) सहित तीन युवकों की पहचान हुई थी।

25 फरवरी को पुलिस ने रणजीत सिंह को गिरफ्तार किया था। हथियार बरामदगी के लिए ले जाते समय SHO की गाड़ी पलटने से वह फरार हो गया। CIA टीम ने पुराना शाला इलाके में उसे घेर लिया। एनकाउंटर में रणजीत सिंह ढेर हो गया जबकि CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हुए।

ये भी देखे: PUNJAB BREAKING: ASI-होमगार्ड जवान हत्याकांड का आरोपी एनकाउंटर में ढेर

You may also like