नकोदर, 04 फ़रवरी 2026: पंजाब पुलिस ने मंगलवार सुबह नकोदर में एक एनकाउंटर के बाद गोल्डी बराड़ और रोहित गोधरा गिरोह से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नकोदर के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और उसके दफ्तर पर फायरिंग करने के मामले में वांछित थे।
एसएसपी जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विरक ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता मनीष बख्शी उर्फ मन्नू नकोदर में ट्रैवल कंपनी और आईलेट्स सेंटर चलाते हैं। उन्हें विदेशी नंबरों से लगातार धमकियां मिल रही थीं। फिरौती न देने पर उनके कार्यालय के बाहर फायरिंग भी की गई थी। इस घटना के बाद थाना सिटी नकोदर में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
4 फरवरी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नूरमहल रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। एक आरोपी अंकित कुमार उर्फ अंकित को गोली लगी जबकि दूसरे हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर की टांग टूट गई। दोनों को काबू कर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपी पहले से दर्ज फिरौती और फायरिंग के मामलों में नामजद थे।
ये भी देखे: जालंधर में बदमाशों पर पुलिस का एनकाउंटर, मुख्य शूटर लवप्रीत उर्फ लवी घायल