बदायूं, 15 जनवरी 2026: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज कोतवाली क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक पुरुषोत्तम का शव प्रेमिका के घर के सामने पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक पुरुषोत्तम गांव का ही निवासी था। परिजनों का आरोप है कि युवक का गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रेम संबंध को लेकर लड़की के भाइयों ने पुरुषोत्तम की हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया। परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही दातागंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और परिजनों से विस्तार से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में फंदे से लटके शव के आसपास के हालात और अन्य सबूतों का अध्ययन किया जा रहा है।
ये भी देखे: बदायूं के मेंथा फैक्ट्री में तीन सुरक्षाकर्मी मृत पाए गए, केबिन में पड़े मिले शव