वैशाली एक्सप्रेस का नया स्वरूप, सुपरफास्ट से बनी एक्सप्रेस, नंबर बदला, किराया घटा

by Manu
वैशाली एक्सप्रेस

पटना, 06 दिसंबर 2025: उत्तर बिहार के ललितग्राम और राजधानी दिल्ली के बीच दौड़ने वाली लोकप्रिय वैशाली एक्सप्रेस रविवार यानी 7 दिसंबर से नई पहचान के साथ पटरियों पर उतरेगी। दशकों से यात्रियों की जान रही यह ट्रेन अब सुपरफास्ट श्रेणी छोड़ एक्सप्रेस बन जाएगी।

ट्रेन का पुराना नंबर 12553 और 12554 अब 15565 और 15566 हो गया है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने इस बदलाव की आधिकारिक घोषणा की है। ललितग्राम से दिल्ली जाने वाली 15565 वैशाली एक्सप्रेस सुबह 4 बजे रवाना होगी। वहीं दिल्ली से ललितग्राम की 15566 दोपहर 3:35 बजे चलेगी।

श्रेणी बदलने से किराए में भी राहत मिलेगी। स्लीपर क्लास में 100 से 150 रुपये तक और एसी श्रेणियों में 200 से 300 रुपये की कमी आएगी। यात्रियों को यह बदलाव भाड़े की बचत के लिहाज से फायदेमंद लग रहा है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 7 दिसंबर की यात्रा के टिकट पहले से ही नए नंबर पर बुक हो रहे हैं। 60 दिन पहले से शुरू हुई बुकिंग में कोई रुकावट नहीं है। ट्रेन का रूट वही रहेगा। यह सहारसा, सुपौल, सरायगढ़ जंक्शन और रघोपुर जैसे इलाकों से होकर गुजरेगी।

ये भी देखे: बिहार को 7 नई ट्रेनों को हरी झंडी, अमृत भारत एक्सप्रेस से दक्षिण और दिल्ली का सफर होगा आसान

You may also like