जालंधर में स्कूल बस ने चार गाड़ियों को मारी टक्कर, नशे में बताया जा रहा ड्राइवर

by Manu
स्कूल बस

जालंधर, 4 जुलाई 2025: पंजाब के निजी स्कूल सरकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी कर बच्चों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। फिल्लौर के वेरका मिल्क प्लांट के पास शुक्रवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया, जिसने स्कूल बसों की लापरवाही पर फिर से सवाल उठाए हैं। एक निजी स्कूल की बस ने अचानक नियंत्रण खोकर चार वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक नशे में था। गनीमत रही कि बस में उस समय बच्चे नहीं थे, वरना यह हादसा और भी भयानक हो सकता था। इस मामले की जांच कर रहे एएसआई जसविंदर सिंह ने पुष्टि की कि बस ने चार वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि ड्राइवर की मेडिकल जांच की जाएगी ताकि यह पक्का हो सके कि वह नशे में था या नहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की उस लापरवाही का नतीजा है, जो बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। लोगों ने मांग की है कि सरकार को निजी स्कूलों पर सख्ती बरतनी चाहिए। स्कूल बसों की फिटनेस, ड्राइवरों की ट्रेनिंग और नियमों के पालन पर कड़ी निगरानी जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।

ये भी देखे: PUNJAB BREAKING: फिरोजपुर में बच्चों से भरी स्कूल बस नाले में गिरी

You may also like