दिल्ली, 04 नवंबर 2026: दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक प्राइवेट स्कूल में बुधवार सुबह 9 वर्षीय छात्रा की क्लासरूम में मौत हो गई। छात्रा अचानक क्लासरूम के फर्श पर गिर गई थी। स्कूल के स्टाफ ने उसे तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे निर्माण विहार के एक हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया था जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा की मौत किसी मेडिकल वजह से हुई हो सकती है।
शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में डॉक्टर्स ने कार्डिएक अरेस्ट से मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस पूरे घटना का तीन मिनट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। क्लासरूम के सीसीटीवी में बच्ची कक्षा में आती दिखाई देती है। कुछ देर बाद वह अपनी कमर पर हाथ रखती है और अचानक फर्श पर गिर पड़ती है। बच्ची को गिरते देख टीचर तुरंत उसके पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करती हैं। हालांकि बच्ची कोई रिएक्शन नहीं देती और बेहोश नजर आती है।
शिक्षिका ने बताया कि बच्ची गेम्स पीरियड के बाद क्लासरूम में लौटी थी। वह बहुत थकी हुई लग रही थी। वह कुछ कह रही थी कि अचानक जमीन पर गिर गई थी। उसे उठाकर कुर्सी पर बिठाने की कोशिश की लेकिन वह बेहोश हालत में थी। फर्श पर गिरने से उसके ठोड़ी से खून बहने लगा था इसीलिए स्टाफ की मदद से उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया।
ये भी देखे: भगवंत मान ने 801 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, विपक्ष पर किया हमला