चंडीगढ़, 04 नवंबर 2026: वूमेन्स प्रीमियर लीग यानी डब्ल्यूपीएल के अगले सीजन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बीसीसीआई ने डब्ल्यूपीएल 2027 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। डब्ल्यूपीएल टूर्नामेंट का पांचवां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा। इस बार खिताब के लिए पांच टीमें दो शहरों में अपनी चुनौती पेश करेंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले वडोदरा और मुंबई में आयोजित किए जाएंगे। दोनों शहरों को 11-11 मैचों की मेजबानी मिली है। हाल ही में डब्ल्यूपीएल 2027 के ऑक्शन का कोच्चि में आयोजन हुआ था।
डब्ल्यूपीएल 2027 का आगाज 14 जनवरी को वडोदरा में होगा। पहले ही मुकाबले में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस से होगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला सीजन की शुरुआत को खास बनाएगा। वडोदरा में टूर्नामेंट का पहला चरण 14 से 24 जनवरी तक खेला जाएगा। इस दौरान कुल 11 मुकाबले होंगे जिसमें पांचों टीमें खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने उतरेंगी। इसके बाद टूर्नामेंट का कारवां मुंबई पहुंचेगा।
वडोदरा में पहला चरण समाप्त होने के बाद 26 जनवरी से मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में बाकी के मुकाबले खेले जाएंगे। यहां लीग चरण के मैच 3 फरवरी तक जारी रहेंगे। इसके बाद प्लेऑफ की जंग शुरू होगी। प्वाइंट्स टेबल में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 5 फरवरी को एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनाएगी। वहीं लीग चरण में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम को सीधे फाइनल में पहुंचने का मौका मिलेगा।
डब्ल्यूपीएल 2027 का फाइनल 7 फरवरी रविवार को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में आयोजित होगा। इस तरह पांचवें सीजन के चैंपियन का फैसला मुंबई में होगा। बीसीसीआई के शेड्यूल के मुताबिक प्लेऑफ समेत टूर्नामेंट के सभी 22 मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे। पांच टीमों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता में एक बार फिर महिला क्रिकेट के सितारों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। नए सीजन में आरसीबी बतौर डिफेंडिंग चैंपियन अपना खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी।
ये भी देखे: भगवंत मान ने 801 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, विपक्ष पर किया हमला