कैथल: 20 वर्षीय युवक नहर में बहा, तलाश जारी!

by chahat sikri
कैथल

कैथल, 7 मार्च 2025: कैथल के संगरौली में शनिवार शाम एक 20 वर्षीय युवक नहर में बह गया है। उसके मामा ने पुलिस को घटना की सूचना दी तो पुलिस ने उसे ढूंढने के लिए कवायद शुरू की है। हालांकि रविवार तक उसका पता नहीं चल सका था। वह युवक अपने एक अन्य मामा के निधन के बाद शोक जताने गांव पहुंचा था।

प्रशासन की ओर से नहर में पानी कम करवाने के प्रयास

रविवार को नायब तहसीलदार पटवारी तथा ढांड पुलिस सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। प्रशासन की ओर से नहर में पानी कम करवाने के प्रयास किए जा रहे थे। देवीदयाल संगरौली ने पुलिस को बताया कि उसका भाई बंटी कई दिन पहले पानीपत एरिया में नहर में डूब गया था। उसका शव शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव संगरौली में आया था। उसका भांजा गुरमीत शोक जताने के लिए संगरौली में आया था। वह अपने मामा बंटी से ज्यादा लगाव रखता था। बंटी की मौत के बाद से गुरमीत परेशान था।

राहगीरों ने उसे नहर में डूबते हुए देखा

देवीदयाल ने बताया कि शनिवार को शाम के समय गुरमीत सरसा ब्रांच नहर पर चला गया और वहां राहगीरों ने उसे नहर में डूबते हुए देखा लेकिन पानी के बहाव के कारण उसे बचाया नही जा सका और वह पानी में बह गया। देवीदयाल ने बताया कि शनिवार को उसके भांजे गुरमीत के नहर में बह जाने की सूचना के बाद से नायब तहसीलदार ढांड अचिन, हलका पटवारी के अलावा ढांड पुलिस सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। उसे खोजने के लिए नहर में पानी कम कराने के भी प्रयास किए जा रहे थे। हालांकि देर शाम तक पता नहीं चला।

मशक्कत के बावजूद रेहड़ा माजरा निवासी युवक का पता नहीं चला

समाचार लिखे जाने तक पुलिस के साथ ग्रामीण भी अपने स्तर पर नहर से गुरमीत का पता लगाने का प्रयास कर रहे थे।

ढांड थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना था कि मशक्कत के बावजूद रेहड़ा माजरा निवासी युवक का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

यह भी पढे: ब्लॉकबस्टर धमाका! ‘सिकंदर’ ने पार किया ₹100 करोड़ का आंकड़ा

You may also like