बुलेट बस से टकराने के कारण दो छात्रों की हुई मौत

बस पलटने से 40 के करीब यात्री हुए गंभीर जख्मी

by TheUnmuteHindi
बुलेट बस से टकराने के कारण दो छात्रों की हुई मौत

बुलेट बस से टकराने के कारण दो छात्रों की हुई मौत
बस पलटने से 40 के करीब यात्री हुए गंभीर जख्मी
नई दिल्ली, 28 दिसम्बर : झज्जर में एक बुलेट बाइक स्कूल बस से टकराने के कारण दो छात्रों की दर्दनाक मौत होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार एक स्कूल बस बुलेट से टकरा गई, जिससे बुलेट सवार दो छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान झज्जर जिले के गांव जमालपुर निवासी साहिल पुत्र संजय और नवदीप पुत्र सोमबीर के तौर पर हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि साहिल और नवदीप छुछकवास की लाइब्रेरी में पढऩे के लिए रोजाना आते थे। शनिवार सुबह भी वे अपनी बुलेट बाइक पर निकले थे, लेकिन बीच रास्ते उनकी बाइक एक स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के नागरिक अस्पताल पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
चेन्नई के पास बस पलटने से कई लोग जख्मी
चेन्नई : इसी प्रकार तमिलनाडु में चेन्नई के पास देवी मेलमारुवाथुर अम्मन मंदिर की तीर्थयात्रा पर गए करीब 40 लोग सडक़ हादसे में घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़त जिस निजी बस में यात्रा कर रहे थे, वह शुक्रवार को तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले के ऊथांगराई के पास भारी बारिश के कारण पलट गई। रिपोर्ट के अनुसार, बस में कुल 52 लोग यात्रा कर रहे थे। बस को तीर्थयात्रा के लिए एक समूह ने किराए पर लिया था। भारी बारिश के कारण चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया और वह पलट गई, जिससे करीब 40 तीर्थयात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कृष्णागिरी के सरकारी अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

You may also like