नई दिल्ली, 19 दिसंबर : आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने एक पोस्ट सांझा करते हुए कहा कि भाजपा ने संसद में बाबा साहेब का अपमान किया है। जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी के संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट डाली है, जिसमें उन्होंने कहा कि बीजेपी ने संसद में बाबा साहेब का अपमान किया है। केजरीवाल ने लिखा लोगों को लगता है कि बाबा साहेब को चाहने वाले बीजेपी का समर्थन नहीं कर सकते। आप भी इस पर विचार करें। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बाबा साहेब के खिलाफ अमित शाह की टिप्पणी पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्र बाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है। उन्होंने इस संबंध में उचित कार्रवाई करने के लिए कहा है।
बीजेपी की सोच को करता है उजागर
आप पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने लिखा, मैं आपको यह पत्र एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर लिख रहा हूं, जो न केवल हमारे संविधान बल्कि बाबासाहेब अम्बेडकर की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है। हाल ही में संसद में, देश के गृह मंत्री अमित शाह जी द्वारा बाबासाहेब के नाम पर की गई टिप्पणी ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। उनका यह कहना कि आम्बेडकर-आम्बेडकर बोलना आजकल फैशन बन गया है,न केवल अपमानजनक है बल्कि बीजेपी की बाबासाहेब और हमारे संविधान के प्रति सोच को उजागर करता है।
बाबा साहिब हमारे देश की हैं आत्मा : केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व सीएम ने आगे लिखा, बाबासाहेब के बारे में ऐसा कहने का साहस आखिर भाजपा ने कैसे किया? इस से देश भर में करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। ये बयान देने के बाद अमित शाह जी ने माफी मांगने की बजाय अपने बयान को उचित ठहराया। प्रधान मंत्री जी ने सार्वजनिक रूप से अमित शाह जी के बयान का समर्थन किया। इसने जले पर नमक छिडक़ने का काम किया। लोगों को लगने लगा है कि बाबा साहेब को चाहने वाले अब भाजपा का समर्थन नहीं कर सकते। बाबा साहेब सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि हमारे देश की आत्मा हैं। भाजपा के इस बयान के बाद लोग चाहते हैं कि इस मसले पर आप भी गहराई से विचार करें। इसलिए उन्होंने पत्र लिखकर इस मामले को उजागर किया है।